फीनिक्स क्लब के तत्वावधान में हुआ भव्य आयोजन, दिशिता महिला मंडल स्कूली बच्चों ने बांधा समां
अनपरा / सोनभद्र। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर फीनिक्स क्लब, रेनुसागर के तत्वावधान में हिंडालको रेनुसागर परिसर स्थित पैराडाइज प्रेक्षागृह के प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में दिशिता महिला मंडल, रेनुसागर, आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज के विद्यार्थियों एवं दृष्टि महिला मंडल की सदस्याओं ने शानदार डांडिया प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। रंग-बिरंगे परिधानों, आकर्षक नृत्य शैलियों और पारंपरिक भक्ति गीतों की मधुर धुनों के बीच प्रस्तुत मनमोहक डांडिया नृत्य ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और उल्लास का वातावरण छाया रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर. पी. सिंह ने कहा कि नवरात्र का पर्व हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, आस्था और नारी शक्ति का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ आपसी सौहार्द, एकता और सामाजिक समरसता को भी मजबूत बनाते हैं। डांडिया जैसे पारंपरिक लोकनृत्य हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं। उन्होंने प्रतिभागी सदस्यों एवं विद्यार्थियों की सराहना की।
दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह ने कहा कि रेनुसागर में हुनर है, उसे निखारने की जरूरत है। हेड एचआर आशीष पांडेय, संचालन हेड मनीष जैन, रीना जैन एवं निशा पांडेय ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन दिशिता महिला मंडल की सचिव तूलिका श्रीवास्तव एवं चंद्रा त्रिपाठी ने किया।









