कल CMO कार्यालय पर धरने का ऐलान
सोनभद्र। नर्सिंग संवर्ग की 13 सूत्रीय मांगों के समर्थन में जनपद सोनभद्र में नर्सिंग कर्मियों द्वारा काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर परमानेंट स्टाफ नर्स काला फीता बांधकर कार्य करते हुए विरोध जता रही हैं।
नर्सिंग कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, फिर भी उन्हें विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनकी प्रमुख मांगों में पदों का सृजन एवं पुनर्गठन, पदोन्नति में तेजी, रिक्त पदों पर नियुक्ति, वेतन एवं सेवा संबंधी विसंगतियों का निराकरण शामिल है।
कर्मचारियों ने कहा कि नर्सिंग संवर्ग स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। मरीजों को बेहतर उपचार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में नर्सिंग कर्मियों की अहम भूमिका है, इसलिए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान जरूरी है।
प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 9 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया गया। इसके बाद बुधवार को प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया गया। वहीं 22 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, सोनभद्र में धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है।
आंदोलन की जानकारी के लिए जनपद की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजा गया है। संगठन ने शासन-प्रशासन से 13 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निस्तारण की मांग की है।
काला फीता बांधकर कार्य करने वालों में मधुबाला, गायत्री, कुमकुम, स्वर्णलता, मलखान, साधना, संध्या, विजेता, विमलेश, सोनम, रजनी सहित कई परमानेंट नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहीं।









