चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के नौगढ़-मंगरही मार्ग पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मुलायम यादव की मौत हो गई। पत्नी के साथ ससुराल जा रहे मुलायम की बाइक अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद जंगल में मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने से पत्नी को मदद के लिए काफी देर तक परेशान होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बबुरी क्षेत्र के औरारी गांव निवासी मुलायम यादव अपनी पत्नी बबीता को बाइक से लेकर मंगरही स्थित ससुराल जा रहे थे। नौगढ़-मंगरही मार्ग पर जंगल से अचानक नीलगाय सड़क पर आ गई। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और दंपती सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
डेढ़ घंटे तक मदद के लिए भटकती रही पत्नी
हादसे के बाद पत्नी बबीता ने पति को अस्पताल पहुंचाने और परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन जंगल में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण वह न पुलिस को फोन कर सकी और न ही एंबुलेंस बुला पाई। करीब डेढ़ से दो घंटे तक परेशान रहने के बाद आगे पहुंचने पर नेटवर्क मिला, जिसके बाद उसने रोते-बिलखते परिजनों को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और घायल मुलायम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनकर बबीता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बच्चे के सिर से उठा पिता का साया
बताया जाता है कि मुलायम यादव की शादी आठ वर्ष पहले हुई थी। उनका एक बेटा हैं, जिनकी उम्र 6 वर्ष है। घटना से परिवार में मातम छा गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। चकरघट्टा थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।









