मडरा से बिछिया तक जनसंपर्क, हास्य कलाकार अभय शर्मा बोले- चार राज्यों की सीमा से जुड़ने से संवेदनशील है जिला
सोनभद्र। नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर नशा मुक्ति संकल्प यात्रा का आयोजन हुआ। यात्रा मडरा, बिसुंधरी, सेंधुरी, रैपुरा, बराक, बरौली और सोनवट होते हुए बिछिया गांव पहुंची, जहां मशाल जुलूस निकालकर ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने मशाल प्रज्वलित कर अभियान का नेतृत्व कर रहे हास्य कलाकार अभय कुमार शर्मा को सौंपी। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के लिए माताओं-बहनों की भागीदारी जरूरी है।
अभय शर्मा ने कहा कि सोनभद्र चार राज्यों की सीमा से जुड़ा होने से नशा तस्करी के लिए संवेदनशील है, अशिक्षा के कारण युवा शिकार बनते हैं और पूरा परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच जाता है। चुनाव में शराब और नशे के प्रलोभन से बचने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि नशे पर खर्च पैसा बच्चों की शिक्षा पर लगे तो वही बच्चे डॉक्टर, वैज्ञानिक बनेंगे।
कार्यक्रम में पांच दिव्यांगजनों का सम्मान किया गया। अभय शर्मा ने कहा कि दिव्यांगों को दया नहीं, सम्मान और समान अवसर मिलना चाहिए। उन्हें सरकारी योजनाओं, शिक्षा और चिकित्सा से जोड़ने का प्रयास होगा। यह यात्रा का दूसरा प्रमुख उद्देश्य है।
गुप्तकाशी सेवा ट्रस्ट के संस्थापक रवि प्रकाश चौबे ने कहा कि नशे से पीड़ितों को तिरस्कार नहीं, सहयोग चाहिए। ब्रांड एंबेसडर अरुण शंकर पाठक ने दृढ़ इच्छाशक्ति से नशा छोड़ना संभव बताया। संयोजक सौरभ कांत पति तिवारी ने यात्रा को हर गांव तक ले जाने का संकल्प दिलाया। संचालन प्रभात सिंह चंदेल ने किया। मौके पर ग्राम प्रधान राजेंद्र मौर्य, संतपति मिश्रा, लीलामणि पटेल सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।









