म्योरपुर, सोनभद्र। मुर्धवा-बीजपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम करीब चार बजे जामतिहवा नाले के पास ट्रेलर और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
बताया गया कि छत्तीसगढ़ के कोरबा से ट्रेलर फरीदाबाद, हरियाणा जा रहा था। जामतिहवा नाले के पास ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर ही क्षतिग्रस्त होकर खड़े हो गए, जिससे मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य वाहन चालक किसी तरह किनारे से निकलते रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है।







