म्योरपुर, सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को म्योरपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 13 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए योगदान दिया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनका हालचाल भी जाना गया।
शिविर का निरीक्षण समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार सिंह गोंड, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार तथा ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने किया।
राज्यमंत्री संजीव गोंड ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचा सकता है। उन्होंने लोगों से समय-समय पर रक्तदान करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण कार्यों से जोड़ना सकारात्मक पहल है।
शिविर में युवा पत्रकार बाबू लाल शर्मा ने पहली बार रक्तदान किया। उन्होंने युवाओं से आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की।
इस अवसर पर एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता, सीएमओ रमेश कुमार मिश्र, सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव, डॉ. अंकित सिंह, वीरेंद्र, अमित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






