म्योरपुर, सोनभद्र। ब्लॉक के ग्राम पंचायत बभनडीहा स्थित सामुदायिक भवन परिसर में शुक्रवार को किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार और बीएचयू वाराणसी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामस्वरूप मीणा के निर्देशन में आयोजित संगोष्ठी में बलियरी, बभनडीह और भलुली गांव के किसानों तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को केंद्र व राज्य सरकार की बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी गई।
बैंक ऑफ बड़ौदा म्योरपुर शाखा के प्रबंधक गोविन्द सेठ ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि केसीसी के माध्यम से कृषि कार्यों के लिए कम ब्याज पर ऋण की सुविधा मिलती है। किसानों को योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार लाभ उठाना चाहिए।
संगोष्ठी में किसानों और महिलाओं ने बैंकिंग योजनाओं से जुड़ी जानकारी ली और अपनी समस्याओं पर चर्चा की। इस मौके पर ग्राम प्रधान संत कुमार, फील्ड वर्कर रामाशंकर, महिपत सिंह, रामसिंह, रामसरन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







