म्योरपुर, सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर रनटोला गांव के समीप मंगलवार दोपहर ट्रेलर की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक रमेश पुत्र जवाहर, उम्र 30 वर्ष, निवासी बलियरी, म्योरपुर अपनी बी-शिफ्ट की ड्यूटी करने के लिए बाइक से रेणुकूट जा रहा था। दोपहर लगभग ढाई बजे जैसे ही वह रनटोला गांव के आरवाई सिंह घाटी की पुलिया के समीप पहुंचा, ट्रेलर से पास लेने के प्रयास में विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टकरा गया। टक्कर से रमेश सड़क पर गिर पड़ा और उसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर रेणुकूट चौकी पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर हिंडाल्को अस्पताल स्थित मर्चरी हाउस में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और जांच में जुटी है।






