उड़ीसा से बलिया ले जा रहे थे खेप,संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए तस्कर
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम ने ऑपरेशन शुद्धि के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा किया है। शनिवार को रॉबर्ट्सगंज सदर कोतवाली में एडिशनल एसपी मुख्यालय अनिल कुमार व सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।
पुलिस ने उड़ीसा से बलिया ले जाई जा रही 36.500 किलो अवैध गांजा की खेप बरामद करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 18 लाख रुपये और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो की कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। कुल बरामदगी करीब 30 लाख रुपये की है।
एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में रॉबर्ट्सगंज पुलिस, एसओजी, हिन्दुआरी व चुर्क चौकी पुलिस ने 28 अगस्त की रात चंद्रयान तिराहा, भंडार खुर्द हाईवे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर हिन्दुआरी की ओर से आ रही सफेद स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर वाहन सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया गया। तलाशी में स्कॉर्पियो की पिछली सीट के नीचे और पिछले हिस्से से 37 बंडलों में 36.500 किलो गांजा बरामद हुआ। उनके पास से पांच मोबाइल फोन, 550 रुपये नकद और एक कार की चाबी भी मिली।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गांजा संभलपुर, उड़ीसा से लाकर बलिया पहुंचाया जाना था, जिसके बदले प्रत्येक को करीब 15 हजार रुपये मिलने थे।
पुलिस ने चारों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त मे विधिचन्द्र यादव निवासी मऊ, साजिद अली निवासी कुशीनगर, रईस खान निवासी कुशीनगर, आदित्य जायसवाल निवासी कुशीनगर।






