चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र स्थित कोठी घाट पर बन रहे पांटून पुल के निर्माण कार्य पर वन विभाग ने रोक लगा दी है। इस पुल का निर्माण लगभग 82 लाख रुपये की लागत से हो रहा था और इसका 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था। वन विभाग की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय विधायक कैलाश आचार्य की मांग पर इस पुल के निर्माण को स्वीकृति दी थी। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ था। ग्राम प्रधान नीलम ओहरी और निषाद पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष हंसलाल साहनी समेत कई लोगों ने अधिकारियों और जिलाधिकारी को कई बार ज्ञापन भी सौंपे थे।

इस पुल के पूरा होने से लगभग 10 से 15 गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलती। वर्तमान में कोठी घाट से नौगढ़ आने के लिए लोगों को मंगरही और चिकनी मार्ग से होकर करीब 15 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। स्कूली बच्चों को भी रोजाना नाव से नदी पार करके स्कूल जाना पड़ता है, जो जोखिम भरा है।
रविवार देर शाम रेंजर संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया। रेंजर ने बताया कि यह कार्रवाई डीएफओ बी. शिवशंकर के निर्देश पर की गई है। उनके अनुसार, लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा वन विभाग को सूचित किए बिना और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त किए बिना वन भूमि पर पुल का निर्माण कराया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। वे जल्द ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं।







