अमित मिश्रा
सोनभद्र। खेती का मौसम अपने चरम पर है, लेकिन किसानों को खाद जैसी बुनियादी सुविधा भी नसीब नहीं हो रही। घंटों लंबी कतारों में खड़े होने के बावजूद किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। यह स्थिति प्रदेश सरकार की नाकामी का प्रतीक है और इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी शनिवार को सड़क पर उतर आई। बढ़ौली चौक से सदर तहसील तक निकाले गए जुलूस में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर हमला बोला।
जिला अध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि योगी सरकार की लापरवाही ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खेती का सीजन होने के बावजूद खाद न मिलना किसानों की आजीविका पर सीधा हमला है। वहीं किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विवेक पांडे ने कहा कि यह विडंबना है कि किसान अपनी ही धरती पर अन्न उगाने के लिए खाद के लिए तरस रहे हैं और सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों की जेब भरने में लगी हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराई गई और कालाबाज़ारी पर रोक लगाने की ठोस व्यवस्था नहीं हुई तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा। उन्होंने सरकार से यह भी मांग की कि खाद संकट से जूझ रहे किसानों के लिए राहत पैकेज घोषित किया जाए।
इस विरोध प्रदर्शन में संगठन प्रभारी नीरज पांडे, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष दुर्गा देवी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष केवल कुशवाहा, समीर खान, दिनेश पटेल, अनवर अली, प्रेमनाथ कन्नौजिया, शिवम सिंह घमड़ी, कमला प्रसाद, शंभूनाथ, संरक्षक राजेंद्र मौर्या, श्रीकांत तिवारी, राजेश कुमार, शैल कुमारी, विनय पांडे, धर्मेंद्र पांडे, सुभाष, रविन्द्र पटेल और सुरेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।







