नौगढ़ में चाय की चुस्की के बीच सांप का सस्पेंस, छत से गिरा जहरीला सांप, मोटरसाइकिल में छिपा, एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला सांप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ पोखरा के पास मंगलवार को एक चाय की दुकान पर उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब एक जहरीला सांप अचानक टीन सेट की छत से गिरकर सीधा एक मोटरसाइकिल में घुस गया। यह नज़ारा इतना भयभीत कर देने वाला था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए और देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई।

अमृतपुर निवासी सफाईकर्मी राम आसरे ड्यूटी खत्म कर रोज़ की तरह चाय पीने पहुंचे थे। वह दुकान पर चाय की चुस्की ले रहे थे, तभी ऊपर से एक सांप गिरा और आंखों के सामने उनकी मोटरसाइकिल में घुस गया। दुकान के मालिक अशोक जायसवाल (उर्फ चुन्नी) ने सबसे पहले सांप को देखा और डंडा लेकर भगाने की कोशिश की, लेकिन सांप बिजली की रफ्तार से बाइक के बॉडी में जा छिपा।

इस खतरनाक मंजर को देखकर चाय पीने आए लोग डर के मारे पीछे हट गए। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या किया जाए। धीरे-धीरे भीड़ जुटने लगी, लोग डर के बीच अपनी-अपनी तरकीबें सुझाने लगे — कोई कह रहा था डीज़ल डालो, कोई कहता बाइक चालू करो, तो किसी ने डंडे से तलाशने की सलाह दी।

लगभग एक घंटे की मशक्कत और बेचैनी के माहौल के बाद बाइक को स्टार्ट कर हलचल पैदा की गई। इससे सांप थोड़ा हिला, और तभी एक व्यक्ति ने हिम्मत दिखाते हुए डंडे की मदद से उसे बाहर खींचा। जैसे ही सांप बाहर आया, वहां मौजूद लोगों ने चैन की सांस ली।

इस पूरी घटना ने जहां लोगों को रोमांच से भर दिया, वहीं कई चेहरे डर और घबराहट से पीले पड़ गए। गनीमत रही कि सांप ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया, वरना ये हादसा किसी बड़ी अनहोनी में भी बदल सकता था।

Leave a Comment

1410
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?