संजय सिंह
चुर्क(सोनभद्र)। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह, एडीओ पंचायत कृपा शंकर शुक्ला व मुंसही, रौप, चुर्क, कूरा व कोल्हुआ राजस्व ग्राम से संबंधित ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत सहायक आदि की उपस्थिति में उन्नत भारत अभियान के क्रियान्वयन पर परिचर्चा हेतु एक बैठक की गई। उन्नत भारत अभियान प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ हरीश चंद्र उपाध्याय ने योजना के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्नत उन्नत भारत अभियान योजना का उद्देश्य देश के गावों के विकास के लिए उच्च शिक्षण संस्थाओं को ग्राम विकास का भागीदार बनाना है।
उच्च शिक्षण संस्थान अपने ज्ञान व अनुभव के माध्यम से गाँव की समस्याओं का व्यावहारिक हल निकाल सकें, ऐसी पहल की गयी है। इस योजना के तहत उच्च शिक्षा संस्थानों के छात्रों को गाँव की वास्तविकताओं से परिचय कराना भी है, ताकि सभी उसे बेहतर समझ सकें और विकास के लिए अपना योगदान भी दे सकें। स्थानीय जरूरतों के हिसाब से नयी तकनीकों को चुनाव करना और उनका इस्तेमाल करना, उपलब्ध तकनीकी साधनों में जरुरत के हिसाब से फेरबदल कर उनको प्रयोग लाने लायक बनाना, सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और प्रोग्रामों को ज्यादा प्रभावी बनाने में संस्थानों के ज्ञान व समझ की मदद लेना, गावों को उच्च शिक्षण संस्थान की सहायता से आत्म निर्भर बनाने के लिए प्रयास करना उन्नत भारत अभियान के मुख्य उद्देश्य हैं।
उन्होंने बताया कि उन्नत भारत अभियान आईआईटी दिल्ली के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है जिसमें राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सक्रिय रूप से भाग ले रहा है तथा कॉलेज ने पास के 5 राजस्व गांव मुंसही, रौप, चुर्क, कूरा व कोल्हुआ अंगीकृत किया है। इन गांवों में समग्र विकास हेतु राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सदैव सहयोग के लिए तैयार है। अभी प्राथमिक रूप से गांव का सर्वे तथा परिवार स्तर पर सर्वे का कार्य किया जाना है, उसके बाद में आवश्यकतानुसार नवीन योजना बनाकर केंद्र सरकार को रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत राज अधिकारी श्री विशाल सिंह ने सराहना करते हुए समस्त सम्बंधित को अभियान में पूरा सहयोग देने हेतु निर्देश दिया।

इस अवसर पर संस्थान द्वारा नामित उन्नत भारत अभियान के सदस्य सचिव डॉ विकास तिवारी ने बताया कि संस्थान के द्वारा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए संस्थान के द्वारा मदद की जाती रही है, अब इसे गति मिलेगी। संस्थान के द्वारा ‘उम्मीद’ कार्यक्रम के तहत संस्थान के छात्र कक्षा 1 से 12 तक के बच्चों को प्रतिदिन निःशुल्क शिक्षा प्रदान करते हैं, जिसके बारे में ‘उम्मीद’ के समन्वयक डॉ रवि प्रकाश त्रिपाठी ने विस्तार से बताया। इस अवसर पर प्रकोष्ठ की महिला सदस्य कल्पना सिंह, सम्बंधित गांवों के ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, उम्मीद के स्वयं सेवी छात्र, सूरज चंद्रवंशी, इंद्रजीत आदि उपस्थित रहे।
