वर्ष 2024 तक पूर्ण होगी कनहर सिंचाई परियोजना
सोन पम्प कैनल की क्षमता वृद्धि में लेटलतीफी पर नाराज हुए जल शक्ति मंत्री , अधिकारियों को लगाई फटकार
सोनभद्र। प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अन्तर्गत आने वाले समस्त विभागों के मण्डलीय अधिकारियों के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह ने बैठक किया। इस दौरान जनपद में जल शक्ति मंत्रालय द्वारा निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी लिया तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही करने का सख्त निर्देश दिया।
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जल शक्ति मंत्री ने आज सर्किट हाउस के सभागार में जल शक्ति मंत्रालय के अन्तर्गत आने वाले मण्डलीय अधिकारियों के साथ बैठक किया। बैठक में उन्होंने निर्माणाधीन कनहर सिंचाई परियोजना के प्रगति के सम्बन्ध में चीफ इंजीनियर से जानकारी ली तो उनके द्वारा बताया गया कि 75 प्रतिशत तक निर्माण कार्य हो चुका है, मार्च, 2024 तक निर्माण कार्य पूर्ण हो जायेगा। परियोजना प्रारंभ होने पर जनपद के तहसील-दुद्धी, ओबरा व राबर्ट्सगज के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल व सिंचाई से सम्बन्धित लोगों की समस्या दूर होगी। इसी दौरान उन्होेंने सोन पम्प कैनाल के क्षमता वृद्धि के सम्बन्ध में चीफ इंजीनियर से जानकारी ली तो उनके द्वारा बताया गया कि 300 क्यूसेफ पानी की क्षमता सोन पम्प कैनाल की थी, जिसकी क्षमता वृद्धि बढ़ाकर 600 क्यूसेफ पानी किये जाने का कार्य चल रहा है। वही क्षमता वृद्धि में देरी होने के कारण के सम्बन्ध में मंत्री ने सम्बन्धित अधिकारियों से जानकारी ली तो वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। जिस पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में समस्या हो और कार्य किये जाने की आवश्यकता हो, वहीं के लिए प्रस्ताव बनाकर कार्य किया जाना सुनिश्चित किया जाये, अनावश्यक तरीके से कार्यों का प्रस्ताव न भेजा जाये। गरीब जनता के हक की धनराशि है, इसका सदुपयोग किया जाये, जिससे लोगों का कल्याण हो सके।
उन्होंने कहा कि मार्च 2022 के बाद जिन ठेकेदारों के नाम, वर्क आर्डर जारी किये गये की सूची, उनके बाण्ड व टेण्डर जारी किये गये हैं, उसकी भी लिस्ट बनाकर जाॅच की जाये, इसके लिए उन्होंने चीफ इंजीनियर को निर्देशित किया।
वही जिलाधिकारी चन्द्र विजय सिंह ने कहा कि कैबिनेट मंत्री द्वारा जो भी दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं, उसका निर्धारित समय के अन्तर्गत सभी अधिकारी पालन कराना सुनिश्चित करेंगें। उन्होंने कहा कि मंत्री द्वारा दिये गये निर्देशों का समुचित पालन कराया जायेगा।
इस मौके पर संजीव गौंड़ राज्य मंत्री समाज कल्याण विभाग, सांसद पकौड़ी लाल कोल, रामसकल सांसद राज्यसभा, भूपेश चौबे विधायक सदर, डाॅ0 अनिल कुमार मौर्या विधायक घोरावल, रामदुलार विधायक दुद्धी, आशुतोष दूबे अपर जिलाधिकारी (नमांमि गंगे), अनुप तिवारी मीडिया प्रभारी, अजीत रावत ब्लाक प्रमुख राबर्ट्सगंज सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण सहित अन्य सम्बन्धितगण उपस्थित रहें।
