वीरेन्द्र कुमार
मरने से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा
विंढमगंज(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के हीरचक पोलवा गांव में एक 19 वर्षीय छात्र ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। युवक ने मरने से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। घटना से स्वजनों में कोहराम मच गया है।
हीरचक पोलवा निवासी देवानंद पांडेय पुत्र आनंद कुमार पांडेय 19 वर्ष मंगलवार रात घर में अकेला था। उसके पिता जजमानी कार्य के सिलसिले में गांव से बाहर गए हुए थे, बीते मंगलवार की
रात में जब उसकी मां कलावती देवी, जो आशा कार्यकर्ता हैं, घर लौटीं तो घर में अंधेरा था। लाइट जलाकर जब वह कमरे में पहुंचीं तो बेटे को फंदे से लटका देख चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना ग्राम प्रधान व पुलिस को दी गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके से मिले सुसाइड नोट में देवानंद ने लिखा है— “मैं अपनी मौत का जिम्मेदार स्वयं हूं।” हालांकि उसने आत्महत्या के कारणों का उल्लेख नहीं किया है, जिससे मामला रहस्यमय बना हुआ है।
इस सम्बंध में पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सुसाइड नोट बरामद हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।वहीं गांव में शोक का माहौल है।






